गोरखपुर में घना कोहरा: न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, फ्लाइट और ट्रेन सेवाएं प्रभावित

गोरखपुर में शुक्रवार की सुबह शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। कोहरे के साथ चली ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी और लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर दिया।

सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और ड्राइवर हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेते हुए धीरे-धीरे वाहन चलाते नजर आए। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं के कारण दिन के समय भी लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरा और घना रहेगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।

खराब मौसम का असर यातायात और हवाई उड़ानों पर भी पड़ा। स्पाइसजेट की मुंबई-गोरखपुर और गोरखपुर-मुंबई फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि इंडिगो की उड़ानें घंटों की देरी से संचालित हुईं। इसके कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

रेल सेवाओं पर भी कोहरे का असर दिखा। लगभग 15 ट्रेनें देरी से पहुंचीं, जिनमें गोरखधाम एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस और अमृतसर-दरभंगा ट्रेनें शामिल हैं। देरी का समय कुछ ट्रेनों में 2 से 11 घंटे तक रहा।

लोगों ने जगह-जगह अलाव और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचने की कोशिश की। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सुबह और रात के समय गलन और ठंड का असर सबसे ज्यादा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *