सऊदी में ड्राइवर बनने का झांसा देकर ठगी, युवक से कराया गया भेड़ चराने का काम; कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर एक युवक से लगभग दो लाख रुपये वसूले गए। विदेश पहुंचने पर उसे ड्राइवर की बजाय भेड़ चराने और खेतों में मजदूरी करने के लिए मजबूर किया गया।

पीड़ित युवक ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मुकदमा दर्ज करने और जांच के आदेश देने की मांग की थी। कोर्ट के निर्देश पर अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवक के अनुसार, आरोपियों ने उसे अच्छी तनख्वाह वाली ड्राइवर की नौकरी का वादा किया और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर दो लाख रुपये मांगे। युवक ने नकद और डिजिटल माध्यम से रकम जमा कर दी। इसके बाद उसे एग्रीमेंट दिखाकर वीजा दिलवाया गया, जिसमें हाउस ड्राइवर लिखा था।

सऊदी पहुंचने पर युवक को नौकरी नहीं दी गई और उसे भेड़ चराने व खेतों में मजदूरी कराने लगे। विरोध करने पर कहा गया कि उसे मजदूर के रूप में ही काम करना होगा। इस दौरान उसे मानसिक प्रताड़ना और खाने-पीने की भी समस्या झेलनी पड़ी।

भारत लौटने के बाद जब युवक ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टाल-मटोल किया और बाद में मारपीट व जान से मारने की धमकी भी दी। अदालत के आदेश पर पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *