प्रयागराज में नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 का आगाज़, रक्षा मंत्री करेंगे उद्घाटन; 284 कंपनियां दिखाएंगी स्वदेशी तकनीक

प्रयागराज में सोमवार से नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 की शुरुआत हो रही है। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन राजनाथ सिंह करेंगे। कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ सहित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
यह सिम्पोजियम भारतीय सेना की उत्तरी और मध्य कमान के साथ सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (SIDM) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। 4 से 6 मई तक चलने वाला यह आयोजन स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन और उनके उपयोग को बढ़ावा देने का एक बड़ा मंच बनेगा।
इस वर्ष सिम्पोजियम की थीम ‘रक्षा त्रिवेणी संगम – जहां प्रौद्योगिकी, उद्योग और सैनिक कौशल का मेल होता है’ रखी गई है। इसका उद्देश्य आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए नई और उन्नत तकनीकों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में कुल 284 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जिनमें MSMEs, निजी रक्षा कंपनियां, स्टार्टअप्स और सैन्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं। ये सभी अपने-अपने स्टॉल पर नवीन तकनीकों और उपकरणों का प्रदर्शन करेंगी।
सिम्पोजियम में आधुनिक रक्षा उपकरणों की झलक देखने को मिलेगी। इसमें ड्रोन, ऑल-टेरेन वाहन, निगरानी प्रणाली और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी तकनीकों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। कई उपकरणों का लाइव डेमो भी दिया जाएगा, जिससे उनकी कार्यप्रणाली को समझना आसान होगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में स्वदेशी तकनीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सेना की जरूरतों के अनुसार उपयुक्त तकनीकों की पहचान करना और उनकी खरीद प्रक्रिया को सरल बनाना है, ताकि देश की रक्षा प्रणाली को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
साथ ही, यह सिम्पोजियम उद्योग, स्टार्टअप्स, शिक्षण संस्थानों और सेना के बीच संवाद का मंच भी प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान रक्षा नवाचार, सैन्य निर्माण और भविष्य की तकनीकों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ भारत के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे प्रयासों पर चर्चा करेंगे।
