टीईटी परीक्षा: प्रतापगढ़ में पहले दिन 15,130 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 2,774 रहे गैरहाजिर

प्रतापगढ़ में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का आयोजन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया जा रहा है। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन भी परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 44,760 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले बायोमीट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र की जांच और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद ही परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई।
पहले दिन 17,904 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 15,130 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2,774 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी रही ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया है और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
