फूलों और मोरपंख से सजा झूला बना आकर्षण, इटावा में गौर-निताई के हुए विशेष दर्शन

इटावा के पक्का तालाब परिसर में चल रहे पांच दिवसीय झूलन उत्सव के दूसरे दिन सोमवार शाम धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और श्री राधा-कृष्ण तथा श्री गौर-निताई के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम करीब 7 बजे विशेष आरती से हुई। इसके बाद हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। ढोलक और मंजीरों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। पूरे परिसर में भगवान के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा। संकीर्तन के समापन पर आरती हुई और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
फूलों और मोरपंख से सजा झूला बना आकर्षण
उत्सव के दूसरे दिन श्री राधा-कृष्ण और श्री गौर-निताई के विग्रहों का विशेष श्रृंगार किया गया। ताजे फूलों और मोरपंख से आकर्षक ढंग से सजाए गए झूले में भगवान को विराजमान कराया गया। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से झूला झुलाकर दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की।
पूरे आयोजन के दौरान पक्का तालाब परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में हिस्सा लेने के साथ भगवान के झूलन दर्शन किए।
पांच दिनों तक चलेगा आयोजन
झूलन उत्सव का आयोजन पांच दिनों तक किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक शाम विशेष आरती, हरिनाम संकीर्तन और भगवान के झूलन दर्शन का कार्यक्रम रहेगा। आयोजकों ने नगरवासियों और धर्मप्रेमी लोगों से परिवार सहित पहुंचकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
