गोंडा में पुराने बिजली तारों से लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद बुझाई आग

Gonda के सिविल लाइन द्वितीय वार्ड में देर रात बिजली के तार टूटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक विद्युत पोल पर अचानक आग लग गई, जिसके बाद जलते हुए तार बार-बार टूटकर नीचे गिरने लगे। आग इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरुआत में खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे लोगों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाइन की मरम्मत शुरू की और देर रात तक काम कर बिजली सप्लाई बहाल कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके के जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन विभाग की ओर से इस पर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं होने से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में नवाबगंज इलाके में भी शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली के पोल में आग लगने की घटना हुई थी।

इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पोल पर लगे एबीसी यानी एरियल बंच केबल में तकनीकी खराबी थी। ऊपर से देखने पर समस्या का पता नहीं चल रहा था, जिसके कारण तार बार-बार टूटकर गिर रहे थे और आग लग गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और पूरे सिस्टम की दोबारा जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *