रेखा गुप्ता के दिल्ली की CM बनने पर हरियाणा में जश्न, जानिए क्या है उनका खास संबंध


रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, हरियाणा के जींद में मना जश्न – जानें क्या है खास कनेक्शन
दिल्ली/जींद: भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। बीजेपी कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता घोषित किया गया। पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा सीट से निर्वाचित हुई हैं। उनके नाम की घोषणा होते ही हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के नंदगढ़ गांव में जश्न मनाया गया, क्योंकि यह उनका पुश्तैनी गांव है।
‘अग्रवाल समाज और जींद के लिए गर्व का पल’
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि यह पूरे अग्रवाल समाज और जींद जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, “रेखा गुप्ता ने मेहनत, संकल्प और समाज सेवा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके नेतृत्व में दिल्ली नए आयाम छुएगी।”
AAP के अरविंद केजरीवाल से दिलचस्प संयोग
दिलचस्प बात यह है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी हरियाणा के मूल निवासी हैं और अग्रवाल समाज से आते हैं। रेखा गुप्ता की सफलता पर अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों रामधन जैन, सावर गर्ग, पवन बंसल, सोनू जैन और मनीष गर्ग ने खुशी जताई।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा
रेखा गुप्ता के पिता जयभगवान, एक बैंक मैनेजर थे, जिनके दिल्ली स्थानांतरित होने के बाद परिवार वहीं बस गया। रेखा ने अपनी स्कूली शिक्षा, स्नातक और एलएलबी दिल्ली में ही पूरी की। हाल ही में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी की नेता वंदना कुमारी को हराया था।
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के विकास और जनता की उम्मीदों पर क्या असर पड़ेगा, यह देखने वाली बात होगी।