गाजीपुर के खिलाड़ियों ने नेशनल एमएमए चैंपियनशिप में मचाया धमाल, जीते 11 मेडल — 8 स्वर्ण और 3 रजत पदक

मुंबई में आयोजित प्रो एमएमए (मिक्स मार्शल आर्ट) नेशनल फाइट चैंपियनशिप में गाजीपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए। 29 से 31 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

के.एस. मिक्स मार्शल आर्ट अकैडमी के खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में जया दुबे (43 किग्रा, ब्रह्मानपुर), सौम्या कुमार बिंद (40 किग्रा, गौसाबाद), अभिषेक रावत (37 किग्रा, गोलाघाट), प्रांजल दुबे (45 किग्रा, इसीपुर खंडवा), ज्ञानेंद्र कुमार बिंद (50 किग्रा, खानपुर सपही), शशिधर भारद्वाज (52 किग्रा, कामुपुर), हिमांशु कुमार (70 किग्रा, फतेहपुर आठवां) और सुमित यादव (47 किग्रा, अंधऊ लोकवापुर) शामिल हैं।

वहीं, रजत पदक विजेताओं में संजना मौर्य (37 किग्रा, सम्मानपुर नेवादा), साहिल कुमार (47 किग्रा, फतेहपुर आठवां) और आयुष वर्मा (48 किग्रा, भड़सर) रहे।

कोच कृष्णा कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि गाजीपुर जिले के लिए गर्व की बात है और आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

अकैडमी के खिलाड़ी इससे पहले भी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण का परिणाम है, जिससे गाजीपुर जिले ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed