“भूमि पूजन के बाद अब शिखर पर फहरेगा भगवा ध्वज: 25 नवंबर को अयोध्या पहुंचेंगे PM मोदी, CM योगी खुद देख रहे तैयारियां”

अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद अब 25 नवंबर को शहर एक और ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के 161 फीट ऊंचे मुख्य शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे, जिससे राम मंदिर के सातों शिखर पहली बार भगवा पताकाओं से सुशोभित होंगे।

यह क्षण न केवल धार्मिक, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से भी अविस्मरणीय होगा। जैसे ही शिखर के नीचे विराजमान श्रीरामलला की दृष्टि ध्वज पर पड़ेगी, वह दृश्य करोड़ों श्रद्धालुओं की स्मृतियों में सदा के लिए बस जाएगा।

योगी सरकार की निगरानी में भव्य तैयारियां
प्रदेश सरकार ने इस ध्वजारोहण समारोह को अब तक का सबसे विशाल आयोजन बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उनके निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य लगातार अयोध्या में कैंप कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था
25 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन समेत प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में 200 फीट चौड़ी विशाल LED स्क्रीन लगाई जाएगी, साथ ही अयोध्या के 30 से अधिक प्रमुख स्थलों — जैसे रामपथ तिराहा, लता मंगेशकर चौक, राम की पैड़ी, नयाघाट पुल आदि — पर भी स्क्रीनें लगाई जाएंगी ताकि लाखों श्रद्धालु प्रधानमंत्री मोदी को मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराते हुए लाइव देख सकें।

अयोध्या में दीपोत्सव से भी ज्यादा रोशनी और सजावट
शहर को दीपोत्सव से भी अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर को विशेष रोशनी से सजाया जाएगा। जैसे ही प्रधानमंत्री ध्वज फहराएंगे, पूरा शहर फूलों की सजावट, भगवा ध्वजों और लाइटों से नहाएगा। हर चौराहे पर ‘जय श्री राम’ लिखे भव्य तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं।

21 से 25 नवंबर तक सांस्कृतिक उत्सवों की धूम
21 से 25 नवंबर तक अयोध्या में विविध सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। दीपोत्सव और प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तरह ही शहर के प्रमुख स्थलों पर रामकथा, भजन, नृत्य और लोक प्रस्तुतियां होंगी। पर्यटन और संस्कृति विभाग इन आयोजनों की तैयारियों में जुटा है ताकि पूरा शहर भक्ति और उल्लास से भर सके।

नगर निगम की टीमें भी दिन-रात साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण में लगी हैं। सड़कों की मरम्मत, घाटों की रंगाई-पुताई और फूलों से सजे गमलों से शहर को निखारा जा रहा है। सरयू तट को स्वर्णिम रूप दिया जा रहा है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के अनुसार, अयोध्या को प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तरह सजाया जा रहा है ताकि आने वाले श्रद्धालु इसकी भव्यता देखकर अभिभूत हो जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed