CM Youth Conclave 2026: युवाओं से संवाद में CM मोहन यादव ने किए बड़े ऐलान, फ्री कोचिंग से 12 नए मेडिकल कॉलेज तक

भोपाल: मध्य प्रदेश में युवाओं के लिए आयोजित CM Youth Conclave 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से सीधे संवाद किया और शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, खेल, तकनीक तथा कौशल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास की दिशा और युवाओं के लिए सरकार की आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में युवाओं ने मुख्यमंत्री से अलग-अलग विषयों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, खेल, संस्कृति, नशामुक्ति और विकसित मध्य प्रदेश को लेकर सरकार की योजनाओं पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में संगीत और तकनीक का भी आकर्षण रहा। गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुति ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया, जबकि एआई ह्यूमनॉइड रोबोट ‘बडी’ भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।
साल में दो बार होगी PSC परीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि अब प्रदेश में लोक सेवा आयोग यानी PSC की परीक्षा साल में एक बार के बजाय दो बार आयोजित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लास शुरू की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 स्किल यूनिवर्सिटी
युवाओं के लिए बड़ी घोषणाओं में अगले साल 12 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की योजना भी शामिल है। इसके साथ ही रोजगार केंद्रित पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए 12 स्किल यूनिवर्सिटी शुरू करने की बात कही गई।
शोध को प्रोत्साहित करने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने की घोषणा भी की गई।
इसके अलावा सरकारी कॉलेजों में आधुनिक एआई और एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित करने की योजना है।
स्टार्टअप के लिए आइडिया फंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने पर जोर दिया जा रहा है। स्टार्टअप और नए आइडिया को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड तैयार करने की घोषणा की गई।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्लेसमेंट एजेंसी नियुक्त करने की भी बात कही गई। वहीं प्रदेश के करीब एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
इंदौर और रीवा में आईटी पार्क तथा ग्वालियर में टेलीकॉम जोन जैसी परियोजनाओं के जरिए तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना भी सामने रखी गई।
कृषि में वैल्यू चेन पर सरकार का जोर
कॉन्क्लेव के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से कृषि क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसरों को लेकर सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेती को केवल उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय फूड प्रोसेसिंग से लेकर बाजार तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवा कृषि में नए प्रयोग कर रहे हैं और प्रदेश में ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों का उत्पादन भी हो रहा है। सरकार कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ दूध उत्पादन बढ़ाने पर भी काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों से गेहूं की खरीद की गई है और आने वाले समय में किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर रहेगा।
भोपाल में बन रही AI सिटी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में एआई सिटी के साथ नॉलेज सिटी और साइंस सिटी जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर समेत नई तकनीकों के क्षेत्र में निवेश और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के युवा नई तकनीक को अपनाकर रोजगार के नए अवसर तैयार करें।
हर विधानसभा में स्टेडियम बनाने की योजना
खेलों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण का काम जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने हालिया एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है और कई स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। सरकार ने खेलों को शिक्षा से जोड़ने के साथ कोचों के प्रमोशन की व्यवस्था पर भी काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में हर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम विकसित करने की योजना है। शूटिंग और तीरंदाजी जैसे खेलों में भी प्रदेश के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश
सोशल मीडिया के दौर में युवाओं के अपनी संस्कृति से जुड़े रहने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ी है। उन्होंने प्रकृति, नदियों, पहाड़ों और पेड़ों के प्रति सम्मान की बात करते हुए ‘जीयो और जीने दो’ की सोच को भारतीय संस्कृति का हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता और संस्कृति को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। इसी सोच के साथ तकनीक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को एक ही मंच पर जगह दी गई।
2029 तक नशामुक्त मध्य प्रदेश का लक्ष्य
कार्यक्रम में युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर भी सवाल पूछा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का है।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एयर कनेक्टिविटी का भी होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। सतना, रीवा और दतिया जैसे शहरों में हवाई संपर्क को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में करीब 150 किलोमीटर के अंतराल पर एयर स्ट्रिप उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। लगभग 10 एयरपोर्ट और एयर स्ट्रिप से जुड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें कई के जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीक और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के जरिए मध्य प्रदेश को विकास की नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है। भोपाल और इंदौर में मेट्रो सेवा को भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
15 से ज्यादा विभागों ने लगाई प्रदर्शनी
CM Youth Conclave के दौरान 15 से अधिक सरकारी विभागों और संस्थाओं ने प्रदर्शनी लगाई। करीब 80 से ज्यादा स्टॉल के माध्यम से युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और अलग-अलग स्टॉल पर मौजूद उत्पादों तथा गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
तकनीक और संस्कृति का अनोखा संगम
कार्यक्रम में तकनीक और संस्कृति दोनों का अलग अंदाज देखने को मिला। एआई ह्यूमनॉइड रोबोट ‘बडी’ ने युवाओं का ध्यान खींचा, वहीं कबीर कैफे की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
कबीर के गीतों और सूफी संगीत की प्रस्तुति के दौरान युवाओं ने जमकर उत्साह दिखाया। वहीं जुबिन नौटियाल की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम को खास बना दिया।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग शुरू होगी।
- शोधार्थियों की मासिक सहायता राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये की जाएगी।
- सरकारी कॉलेजों में एआई और एडवांस कंप्यूटिंग लैब बनाई जाएंगी।
- स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड बनाया जाएगा।
- स्नातकोत्तर छात्राओं को संबंधित छात्रवृत्ति योजनाओं के दायरे में लाया जाएगा।
- युवाओं के प्लेसमेंट के लिए विशेष एजेंसी नियुक्त की जाएगी।
- एनएसएस की 500 नई इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
- प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
- हर संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाने की योजना है।
- 2027 में फिर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित करने की तैयारी है।
- PSC की परीक्षा साल में दो बार कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
- युवा वर्ष 2027 के लिए पोर्टल शुरू होगा, जहां युवा अपने सुझाव और आइडिया साझा कर सकेंगे।
- अगले साल 12 मेडिकल कॉलेज और 12 स्किल यूनिवर्सिटी शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को प्रदेश के विकास से जोड़ें। उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और मध्य प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
