BJP President Election 2026 Live: आज मिलेगा बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, दोपहर 2 से 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया

भारतीय जनता पार्टी को आज नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। मंगलवार को होने वाले अध्यक्ष चुनाव में पार्टी के इतिहास से जुड़ा एक अहम बदलाव भी देखने को मिलेगा। पहली बार पार्टी के वरिष्ठ नेता और संस्थापक सदस्य लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी इस चुनाव की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
इन दोनों नेताओं का मतदाता सूची से बाहर रहना किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि संगठनात्मक प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। पार्टी के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव से पहले कम से कम 50 प्रतिशत राज्यों में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक चुनाव पूरे होना जरूरी होता है। इस बार दिल्ली प्रदेश में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई, जिसके चलते राष्ट्रीय परिषद के कुछ सदस्यों का चयन नहीं हो सका और दोनों वरिष्ठ नेता निर्वाचन मंडल से बाहर रह गए।
इस चुनाव में कुल 5708 निर्वाचक हिस्सा लेंगे। परंपरा के अनुसार, पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन आम सहमति से किया जाता है। इस बार संभावित नाम के तौर पर नितिन नबीन की चर्चा है, जो फिलहाल पार्टी में अहम संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में इस चुनाव को औपचारिक माना जा रहा है।
हालांकि आडवाणी और जोशी मतदान प्रक्रिया का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन वे पार्टी के मार्गदर्शक मंडल में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला पार्टी में नियमों के सख्त पालन और संगठनात्मक बदलाव के नए दौर की ओर इशारा करता है।
आज नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच 4 से 5 बजे तक होगी, जबकि नाम वापसी का समय शाम 6 बजे तक रखा गया है। यदि जरूरत पड़ी तो मतदान की प्रक्रिया पूरी कर नए अध्यक्ष की घोषणा उसी दिन कर दी जाएगी।
वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा हैं, जिन्होंने जनवरी 2020 में यह पद संभाला था और इससे पहले वे जून 2019 से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे।
