उन्नाव में गंगा आरती स्थल का निर्माण तेज़ी से जारी: 1.06 करोड़ की लागत से बन रहा 25×11 मीटर का मंच, बनारस के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर होगा निर्माण – Unnao News

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के आनंद घाट पर गंगा आरती स्थल का निर्माण कार्य पूरे जोर-शोर से किया जा रहा है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की देखरेख में संचालित की जा रही है।
निर्माण एजेंसी ने चारों पिलर कॉलम की पाइलिंग का काम पूरा कर लिया है। अब स्टील सरियों की मदद से कॉलम खड़े किए जा रहे हैं और जल्द ही इन पर कंक्रीट डाला जाएगा। पिलरों को मजबूती देने के लिए गहराई तक पाइलिंग की गई है।
यह आरती मंच बनारस के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है, जिसकी लंबाई 25 मीटर और चौड़ाई 11 मीटर होगी। पूरे प्रोजेक्ट पर 1 करोड़ 6 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
निर्माण एजेंसी का लक्ष्य है कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से पहले बुनियादी निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। यदि मौसम सहयोगी रहा तो कुछ ही हफ्तों में निर्माण कार्य समाप्त हो जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। यह स्थल न केवल श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक नया केंद्र बनेगा। गंगा किनारे विकसित यह सांस्कृतिक स्थल उन्नाव की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और धार्मिक व पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।