मऊ में मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग सख्त: 6 क्विंटल से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट, 38 नमूने जांच के लिए भेजे गए

मऊ में धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने चारों तहसीलों के एसडीएम के सहयोग से छापेमारी अभियान शुरू किया है, जिसके तहत अब तक 6 क्विंटल से अधिक मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट की गई है।
यह विशेष अभियान 8 अक्टूबर से चल रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश मिश्रा ने बताया कि इस दौरान कुल 38 नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। नष्ट की गई खाद्य सामग्री की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।
सुरेश मिश्रा ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य वस्तुओं की बिक्री में वृद्धि होती है, जिससे मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। इसी कारण जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
जिले की सभी तहसीलों में टीमें गठित कर लगातार छापेमारी कर रही हैं। संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने पर उसके नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। यह अभियान त्योहारों के अंत तक जारी रहेगा।