लूथरा ब्रदर्स की याचिका खारिज, भारत वापसी में देरी; गोवा नाइट केस में अदालत तक लाने की प्रक्रिया शुरू

उत्तरी गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी और क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा की फुकेट में हिरासत के दौरान एक नई तस्वीर सामने आई है। इसमें दोनों भाई फुकेट इमिग्रेशन कंट्रोल सेंटर में कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके पीछे थाईलैंड के अधिकारी खड़े हैं।
दिल्ली कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज की
दिल्ली की रोहिणी अदालत ने गुरुवार, 11 दिसंबर 2025 को लूथरा ब्रदर्स की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। यह याचिका दोनों भाइयों द्वारा भारत लौटने के तुरंत बाद गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से दायर की गई थी। याचिका में दावा किया गया था कि दोनों भाई जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
हालांकि, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने आवेदन खारिज कर दिया। गोवा सरकार के वकील ने तर्क दिया कि दोनों आरोपी घटना के बाद देश छोड़कर भाग गए और अब नरमी की मांग कर रहे हैं।
गोवा के मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गौरव और सौरभ लूथरा को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाएगा। उनकी वापसी की जिम्मेदारी गोवा पुलिस और सीबीआई की एक संयुक्त टीम को सौंपी गई है।
भारत में लाने में हो रही देरी
दोनों भाइयों के पासपोर्ट रद्द होने के कारण भारत वापसी की प्रक्रिया तुरंत संभव नहीं है। अब भारतीय एंबेसी से इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। इसके लिए दोनों को बैंकॉक ले जाया जाएगा, जहां से उनकी भारत वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। अगर यह प्रक्रिया शुक्रवार तक पूरी नहीं होती है, तो सरकारी छुट्टियों के कारण शनिवार और रविवार में और देरी हो सकती है।
