सुगम दर्शन की आड़ में धोखाधड़ी, Shri Kashi Vishwanath Temple में 8 दलालों को पुलिस ने दबोचा

वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के आसपास सुगम दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले 8 लोगों को चौक पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी खुद को विशेष मार्ग से दर्शन कराने वाला बताकर श्रद्धालुओं से पैसे लेते थे और बाद में उन्हें बीच रास्ते छोड़कर फरार हो जाते थे। कुछ मामलों में अभद्रता और मारपीट की शिकायतें भी सामने आईं।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंदिर में दर्शन करने आए लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। रविवार को एक पीड़ित की ताजा शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई। घटना की जानकारी मिलने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें सुगम दर्शन के नाम पर वसूली की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अभियान चलाकर आठ आरोपियों को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुरलीधर पांडे, रितेश पांडे, रामबाबू पांडे, विजय तिवारी, हर्ष पांडे, काजू पांडे, विनायक पांडे और आकाश पांडे के रूप में हुई है। सभी वाराणसी के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस पूरे प्रकरण में मंदिर से जुड़े कुछ कर्मियों की संभावित मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। साथ ही, ऐसे दलालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान चलाने की बात कही गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *