सहारनपुर में जैन समाज की भव्य वार्षिक गजरथ महोत्सव यात्रा: 17 फीट ऊंचे स्वर्ण रथ पर विराजमान भगवान श्रीजी के दर्शन

सहारनपुर में जैन समाज ने शुक्रवार को अपनी वार्षिक गजरथ महोत्सव यात्रा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली। बैंड-बाजों की मधुर धार्मिक धुनों और “श्रीजी के जयकारों” से पूरे मार्ग का वातावरण भक्तिमय बन गया। नगरवासियों ने यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत कर यात्रा को रंगीन बनाया।
यात्रा का शुभारंभ जैन बाग मंदिर से हुआ। सबसे आगे युवक धर्मध्वज और “जियो और जीने दो” का बैनर लेकर चल रहे थे, जबकि बच्चे अश्व (घोड़े) पर सवार होकर यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। इसके बाद कुबेर प्रभु का रथ और विभिन्न बग्गियों में विराजमान देवताओं के दर्शन हुए, जो प्रभु श्रीजी के आगमन का संदेश दे रहे थे।
यात्रा का मुख्य आकर्षण 17 फीट ऊंचा श्रीजी का स्वर्ण रथ रहा। रथ पर विराजमान भगवान श्रीजी के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, और मार्ग में पुष्पवृष्टि कर उनका स्वागत किया गया।
जैन समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार जैन के नेतृत्व में महिलाओं ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव में रौनक बढ़ाई। राजेश जैन ने कहा, “प्रतिदिन हम देवालय जाकर श्रीजी के दर्शन करते हैं, लेकिन आज का दिन ऐतिहासिक है, जब भगवान श्रीजी स्वयं रथ पर विराजमान होकर नगरवासियों को दर्शन दे रहे हैं।”
राज्य मंत्री जसवंत सैनी, महापौर डॉ. अजय सिंह, पूर्व महापौर संजीव वालिया और विधायक राजीव गुंबर भी यात्रा में शामिल हुए और स्वर्ण रथ पर विराजमान भगवान श्रीजी के दर्शन किए।
इस भव्य यात्रा का आयोजन 10 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। छह दिन तक चलने वाली इस शोभायात्रा में झांकियां, बैंड-बाजे, शहनाई, जलेब, हाथी, घोड़े और छोटे रथ सहित कई आकर्षण शामिल हैं। सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स तैनात की गई है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित रूप से दर्शन कर सकें।