गंगा का जलस्तर खतरे के पार: बलिया में निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, दुबे छपरा में कटान से शैक्षिक संस्थान संकट में

बलिया में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। चेतावनी बिंदु 57.615 मीटर के मुकाबले नदी का स्तर बढ़कर 58.90 मीटर तक पहुंच चुका है और करीब पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार बढ़ रहा है।
यह इस साल तीसरी बार है जब गंगा ने खतरे का निशान पार किया है। बढ़ते पानी से शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। निहोरा नगर, बेदुआ, कृष्णा नगर और गायत्री कॉलोनी में लोग बाढ़ के कारण परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि राहत सामग्री का वितरण सही तरीके से नहीं हो रहा और अब तक सरकारी मदद भी नहीं मिली है।
इस बीच, गोपालपुर ग्राम पंचायत के दुबे छपरा क्षेत्र में गंगा की कटान तेज हो गई है। कन्हई ब्रह्म बाबा स्थान के पास लगभग एक बीघा जमीन नदी में समा चुकी है। कटान स्थल से मात्र 100 मीटर की दूरी पर एक बालिका विद्यालय है, जबकि पास ही अमरनाथ मिश्र डिग्री कॉलेज और पीएन इंटर कॉलेज स्थित हैं। लगातार कटान से यहां की हजारों की आबादी पर खतरा मंडरा रहा है।