लखनऊ में मौसम का मिजाज बदला: तेज हवाओं और बारिश से ठंड में इजाफा, तापमान में बड़ी गिरावट के आसार

लखनऊ में देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे शहर में ठंड का असर और बढ़ गया। आसमान में घने बादल छाए रहे और करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
अनुमान है कि आज शहर का अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे धूप के दर्शन कम ही होंगे।
बीते कुछ दिनों में तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा रहा था, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। वातावरण में नमी बढ़ने के साथ ठंड का अहसास तेज हो गया है। आने वाले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है। 27 जनवरी से एक और सिस्टम के असर में आने की संभावना है, जिससे 28 जनवरी तक दोबारा बारिश हो सकती है। लखनऊ और आसपास के जिलों में ठंड को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
