सुल्तानपुर में धूमधाम से हुआ लक्ष्मी-गणेश विसर्जन का आयोजन, जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजा शहर

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार देर रात लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान जगह-जगह मां लक्ष्मी के जयकारे लगाए गए, जिससे पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया।

शहर के नबीपुर, गांधी नगर, शाहगंज समेत कई इलाकों में धनतेरस से पहले लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। चार दिनों तक श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बुधवार दोपहर धार्मिक अनुष्ठान के तहत हवन कराया गया। इसके साथ ही प्रतिदिन भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।

रात 10:30 बजे के बाद शुरू हुई विसर्जन शोभायात्रा

बुधवार रात करीब 10:30 बजे के बाद प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा शुरू हुई। इसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। भक्तों ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया और रंग-गुलाल के साथ उत्सव मनाया।

शोभायात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए सीताकुंड घाट के गोलाघाट पहुंची। यहां देर रात विधि-विधान के साथ लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस रही तैनात

विसर्जन यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए नगर कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस की निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से धार्मिक आयोजन संपन्न किया।

1977 से प्रतिमाएं स्थापित कर रही है लक्ष्मी माता पूजा समिति

इस आयोजन को लेकर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन ने बताया कि उनकी समिति का नाम ‘लक्ष्मी माता पूजा समिति’ है। समिति वर्ष 1977 से लगातार लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना करती आ रही है।

उन्होंने बताया कि अगले साल समिति के आयोजन के 50 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

पूजा कसौधन ने बताया कि समिति की परंपरा के अनुसार धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित की जाती है और पूरे विधि-विधान से पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के स्वरूप को अलग-अलग नजरिए से बांटना उचित नहीं है। यह हर व्यक्ति की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा विषय है।

मां लक्ष्मी से जिले की सुख-समृद्धि की कामना

पूजा कसौधन ने प्रार्थना की कि मां लक्ष्मी सभी के घरों में सुख-शांति और खुशहाली लेकर आएं। हर परिवार धन-धान्य से संपन्न हो और घरों में रिद्धि-सिद्धि का वास बना रहे।

उन्होंने पूरे सुल्तानपुर जिले के लोगों के सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की। चार दिनों तक चले पूजा-पाठ और भंडारे के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *