झांसी में पेट्रोल पंप पर ठगी, ₹1950 का पेट्रोल भरवाकर कार सवार हुए फरार

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक पेट्रोल पंप पर कार सवार तीन युवकों द्वारा पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए फरार होने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
घटना शनिवार रात करीब 9 बजे बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोरामछिया गांव स्थित एक पेट्रोल पंप की है। जानकारी के अनुसार, काले रंग की एक कार पेट्रोल पंप पर पहुंची, जिसमें तीन युवक सवार थे। कार चालक ने 1950 रुपये का पेट्रोल भरवाने के लिए कहा। कर्मचारी ने निर्धारित मात्रा में पेट्रोल भर दिया।
पेट्रोल भरने के बाद कर्मचारियों ने भुगतान मांगा तो कार सवारों ने पहले टैंक का ढक्कन बंद करने को कहा। जैसे ही कर्मचारी ढक्कन बंद कर भुगतान लेने के लिए आगे बढ़ा, चालक ने तेजी से कार दौड़ा दी और मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों ने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में निकल गए।
बताया गया कि कार के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी तथा शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी, जिससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पेट्रोल पंप संचालक का कहना है कि इसी तरह की घटना करीब पांच महीने पहले भी हुई थी। उस समय भी बिना नंबर वाली एक थार वाहन में आए लोग लगभग 3500 रुपये का ईंधन भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए थे। वाहन का नंबर न होने के कारण उस मामले में भी आरोपियों का पता नहीं चल सका।
पेट्रोल पंप संचालक ने इस नई घटना की शिकायत बड़ागांव थाने में दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
