फैसला अपने पक्ष में कराने की कोशिश! कोर्ट में कथित ‘काला जादू’ के आरोप में महिला गिरफ्तार

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां अदालत में चल रहे एक मुकदमे का फैसला अपने पक्ष में कराने की कोशिश के आरोप में 65 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर जज के चैंबर में जाकर टोना-टोटका करने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, मंजुला नाम की महिला फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं जेएमएफसी कोर्ट परिसर में पहुंची और कथित रूप से जज की कुर्सी पर मंत्रोच्चारित सफेद सरसों के दाने छिड़क दिए। यह पूरी घटना कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
घटना के दो दिन बाद जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तब महिला की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद कोर्ट की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह अपने चल रहे मुकदमे का फैसला अपने पक्ष में चाहती थी। इसी उद्देश्य से उसने अदालत में जाकर कथित रूप से टोना-टोटका किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कर्नाटक अमानवीय कुप्रथाओं और काला जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम, 2017 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला को अदालत में पेश किए जाने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित घटना में महिला ने अकेले कार्रवाई की थी या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
