शिक्षक MLC चुनाव को लेकर बिजनौर में तैयारियां तेज, 13 बूथों पर 8,088 वोटर डालेंगे वोट

बिजनौर: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के चुनाव को लेकर बिजनौर जिले में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी जरूरी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह ने चुनाव व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मतदान के लिए 12 मतदान केंद्रों पर कुल 13 बूथ निर्धारित किए गए हैं। इन बूथों पर जिले के 8,088 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया। मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कर्मचारियों की तैनाती और प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में चुनाव के दौरान लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा मतदान कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों के प्रशिक्षण, वाहनों की उपलब्धता और मतदान केंद्रों पर जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
प्रशासन की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का भरोसा दिलाया।
